मथुरा : दर्शन के बहाने मासूम से छेड़छाड़, आरोपी ढोंगी साधु गिरफ्तार
वृंदावन में दर्शन के लिए आए परिवार की मासूम बच्ची से छेड़छाड़ करने वाले ढोंगी साधु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वृंदावन/मथुरा, अचल वार्ता। कान्हा की नगरी में आस्था लेकर आए एक श्रद्धालु परिवार के साथ दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वृंदावन की परिक्रमा के दौरान एक साधु के भेष में छिपे दरिंदे ने महाराष्ट्र से आई 10 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ की।
पुलिस ने पीड़िता की माँ की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र से एक परिवार दो दिन पूर्व अपनी दो बेटियों के साथ मंदिरों के दर्शन करने वृंदावन आया था। सोमवार रात्रि जब परिवार वृंदावन की परिक्रमा कर रहा था, तभी मैत्री घर विधवा आश्रम के पास आरोपी कृष्ण हरिदास बाबा ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने ठाकुर जी के विशेष दर्शन कराने का झांसा दिया और 10 वर्षीय मासूम को अपनी कुटिया के अंदर ले गया। कुटिया के भीतर आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करना शुरू कर दिया। इसी बीच पास ही मौजूद दीन दयाल महाराज को संदेह हुआ। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए कुटिया में प्रवेश किया और मासूम को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। दीन दयाल महाराज ने अन्य लोगों की मदद से आरोपी कृष्ण हरिदास को मौके पर ही दबोच लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही वृंदावन कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पीड़िता की माँ ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।
- आलोक तिवारी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0