अयोध्या: बिजली संकट, महंगी दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

Jun 5, 2026 - 14:48
 0  24
अयोध्या: बिजली संकट, महंगी दरों और स्मार्ट मीटर के खिलाफ AAP का प्रदर्शन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

अयोध्या, अचल वार्ता । उत्तर प्रदेश में बढ़ते बिजली संकट, अघोषित कटौती, महंगी बिजली दरों और स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अयोध्या में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।

बिजली संकट पर सरकार घिरी

प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी संजीव निगम ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने बाराबंकी में बिजली न होने के कारण सड़क किनारे सो रहे एक परिवार के चार लोगों की मौत का हवाला देते हुए इसे सरकार की विफलता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय सरकार के जिम्मेदार मंत्री बयानबाजी में व्यस्त हैं।

जनजीवन पर पड़ा असर

जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल प्रजापति के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। अनिल प्रजापति ने कहा कि सरकार बिजली व्यवस्था सुधारने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। गांवों और शहरों में घंटों बिजली कटौती से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसका असर उद्योग, व्यापार, खेती और छात्रों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है।

AAP की प्रमुख मांगें

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निम्नलिखित मांगें रखीं:

अघोषित बिजली कटौती तुरंत बंद की जाए

प्रदेश में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए

बिजली दरों में वृद्धि पर रोक लगाई जाए

स्मार्ट मीटर और फर्जी बिलिंग की निष्पक्ष जांच हो

उपभोक्ताओं को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए

प्रदर्शन में ये रहे मौजूद

इस दौरान गायत्री मिश्रा, शारजाह मास्टर, रघुनाथ प्रसाद, नीलेश चतुर्वेदी, रामजी लाल वर्मा, यू.के. द्विवेदी, कृष्णानाथ यादव, अखिलेश कुमार, कुलभूषण साहू, मोहित महाराज, राजीव पाठक, आदर्श कुमार, गुड़िया राइन, दिवस सिंह, मनोज दुबे, साक्षी, नेहा, प्रभावती, राहुल और रोली समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राजनीतिक माहौल गरमाया

AAP के इस प्रदर्शन के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। आने वाले समय में बिजली मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0