अयोध्या : सीबीएसई 12वीं का परिणाम घोषित। डीएवी पब्लिक स्कूल कुमारगंज का शत-प्रतिशत रिजल्ट, परी सिंह बनीं टॉपर।
अयोध्या, अचल वार्ता। सीबीएसई द्वारा 12वीं कक्षा की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किए जाने के बाद आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय परिसर, कुमारगंज स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल है।
विद्यालय के विज्ञान वर्ग में छात्रा परी सिंह ने 92.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तान्या ने 92 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा शुभदीप ने 88.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं कॉमर्स वर्ग में प्रिंस गुप्ता ने 89.60 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सानिध्य कौशल 88.60 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और हेमंत दुबे 86.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय की टॉपर परी सिंह ने अपनी शानदार सफलता से सभी को गौरवान्वित किया। उन्होंने कंप्यूटर विषय में शत-प्रतिशत 100 में 100 अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का विशेष परिचय दिया। अपनी सफलता पर बातचीत करते हुए परी सिंह ने बताया कि उनकी उपलब्धि के पीछे नियमित अध्ययन, अनुशासन और परिवार तथा शिक्षकों का सहयोग सबसे बड़ी ताकत रहा।
परी सिंह ने बताया कि वह प्रतिदिन अपने लिए लक्ष्य निर्धारित करती थीं और उस लक्ष्य को पूरा करने के बाद ही विश्राम करती थीं। उन्होंने कहा कि बिना लक्ष्य पूरा किए कभी नहीं सोती थीं, चाहे उसमें कितना भी समय क्यों न लग जाए। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और आत्मविश्वास को दिया।परी सिंह ने केवल बोर्ड परीक्षा में ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर की कठिन परीक्षा जेईई मेंस भी उत्तीर्ण की है। वह कक्षा 8 से लेकर कक्षा 12 तक लगातार विद्यालय की टॉपर रही हैं। भविष्य में वह इंजीनियरिंग सेवा के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं।
परी के पिता राज प्रताप सिंह शिक्षक हैं जबकि माता रानी सिंह गृहिणी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पुष्पा कुमारी ने सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
0
Wow
0