लखीमपुर खीरी: एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने अपराध गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश, अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने पर जोर

May 16, 2026 - 15:12
May 16, 2026 - 15:51
 0  6
लखीमपुर खीरी: एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने अपराध गोष्ठी में दिए सख्त निर्देश, अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू करने पर जोर

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस लाइन सभागार में जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित कर अपराध एवं कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गंभीर अपराधों के लंबित मामलों के शीघ्र अनावरण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

 बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी एवं पश्चिमी, सहायक पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा शाखा प्रभारी मौजूद रहे। एसएसपी ने हत्या, डकैती, लूट जैसे गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि लंबित अभियोगों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाई जाए। उन्होंने अपहृत एवं गुमशुदा व्यक्तियों की सकुशल बरामदगी, महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा शातिर अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए।

 

साथ ही शराब माफियाओं, अवैध शस्त्र, मादक पदार्थ, जुआ और अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, एनएसए एवं 14(1) गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए। एसएसपी ने जनशिकायतों की निष्पक्ष जांच और त्वरित निस्तारण पर विशेष बल देते हुए कहा कि जनता के साथ पुलिस का व्यवहार बेहतर होना चाहिए और पीड़ितों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। उन्होंने धार्मिक एवं जातीय विवादों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उच्चाधिकारियों को तुरंत सूचना देने के भी निर्देश दिए। बैठक में थाना परिसरों की साफ-सफाई, पुराने वाहनों के निस्तारण, साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान, महिला हेल्प डेस्क एवं मिशन शक्ति केंद्रों को सक्रिय बनाए रखने और जिले के टॉप-10 अपराधियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। यू0पी0-112 पीआरवी वाहनों के रिस्पांस टाइम की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने कहा कि किसी भी सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और समस्या का शीघ्र समाधान करे। इसके अलावा व्यवहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों एवं महिला आरक्षियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया। अपराध गोष्ठी के साथ आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी ने पुलिस कर्मियों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करने की सख्त हिदायत दी।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0