नशामुक्त भारत के निर्माण में युवा निभाएं अहम भूमिका : अशोक कुमार
राई, / सोनीपत , अचल वार्ता। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा, राई में सोमवार को नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर स्वस्थ, सशक्त एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी आश्रम से पहुंचीं गीता दीदी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त भारत के निर्माण की शपथ भी दिलाई।
विश्वविद्यालय के कुलपति अशोक कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहेंगे तो अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का उपयोग राष्ट्र निर्माण एवं खेलों के विकास में कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
डॉ. जितेंद्र कुमार ने अतिथियों का परिचय करवाते हुए नशामुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों और इसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे समाज को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. गोपाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0