अम्बेडकर नगर : बंदरों के आतंक से सहमे ग्रामीण, वन विभाग से कार्रवाई की मांग
- चहोड़ा शाहपुर में 400 से अधिक बंदरों का उत्पात, खेती-किसानी और बच्चों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। तहसील आलापुर क्षेत्र के ग्राम माझाचहोड़ा शाह, ग्राम पंचायत चहोड़ा शाहपुर में बंदरों का आतंक ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में करीब 400 से अधिक बंदरों के झुंड ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन एवं वन विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण जय नारायण साहू ने प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि बंदर रोजाना घरों में घुसकर खाने-पीने का सामान नष्ट कर देते हैं। कई बार बच्चों एवं पालतू जानवरों पर हमला कर उन्हें घायल भी कर चुके हैं। बंदरों के डर से लोग अपने घरों की छतों पर कपड़े तक नहीं सुखा पा रहे हैं, क्योंकि बंदर कपड़े फाड़ देते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के आतंक का सबसे अधिक असर खेती-किसानी पर पड़ रहा है। खेतों में लगी फसलों को बंदरों द्वारा लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है, जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। खेतों की रखवाली करना भी ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या पिछले कई महीनों से लगातार बढ़ रही है। स्थानीय स्तर पर शिकायतें किए जाने के बावजूद अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। पीड़ितों ने मांग की है कि मामले को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग तथा वन्य जीव शाखा को भेजकर वन विभाग की टीम से बंदरों को पकड़वाकर सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0