लखीमपुर खीरी: न्याय के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

Mar 8, 2026 - 17:25
Mar 8, 2026 - 17:37
 0  2
लखीमपुर खीरी: न्याय के लिए एसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ित

मंदिर के कुएं में प्रतिबंधित मांस फेंकने का विरोध पड़ा भारी, गर्भवती महिला समेत ग्रामीणों से मारपीट ।

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता।  फरधान क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में धार्मिक भावनाओं से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर के सामने स्थित पुराने कुएं में प्रतिबंधित मांस फेंके जाने का विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिसमें तीन माह की गर्भवती महिला भी घायल हो गई।

  कार्रवाई न होने से नाराज पीड़ित पक्ष शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और न्याय की गुहार लगाई। जानकारी के अनुसार घटना 4 मार्च को होली के दिन की बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव के मंदिर के सामने स्थित कुएं में कुछ लोग प्रतिबंधित मांस फेंक रहे थे। इस दौरान जब प्रदीप कुमार और मनोज कुमार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लगभग आधा दर्जन लोगों ने मिलकर ग्रामीणों पर हमला कर दिया। 

  पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान रेनू वर्मा, जो तीन माह की गर्भवती हैं, उन्हें भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। शनिवार दोपहर करीब 1:15 बजे प्रदीप वर्मा, धर्मेंद्र कुमार, कुलदीप कुमार, मनोज कुमार, प्रदीप भारती, शिवपाल भारती और रेनू वर्मा सहित कई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग को लिखित शिकायत पत्र सौंपा। 

  पीड़ितों का आरोप है कि घटना के दिन ही फरधान थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि पुलिस इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0