लखीमपुर खीरी : बाबा साहब के झंडे को जलाने की सूचना पर उचौलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी हिरासत में

May 16, 2026 - 11:52
May 16, 2026 - 12:24
 0  26

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। थाना उचौलिया क्षेत्र के ग्राम मढ़िया में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के झंडे को जलाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद उचौलिया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 की रात करीब 9 बजे थाना उचौलिया पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम मढ़िया में बाबा साहब का झंडा जला दिया गया है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उचौलिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस जांच में पता चला कि गांव निवासी सर्वेश रैदास ने अपनी जमीन पर बाबा साहब का झंडा लगा रखा था। ग्रामीणों के अनुसार सर्वेश रैदास शराब पीने का आदी है और नशे की हालत में उसने स्वयं ही झंडा उतारकर आग लगा दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया था। उचौलिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात में ही गांव में शांति व्यवस्था कायम रखी और लगातार निगरानी की। शुक्रवार सुबह पुलिस ने आरोपी सर्वेश रैदास को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से गांव में किसी प्रकार का तनाव नहीं फैलने पाया। स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और तत्काल कार्रवाई करने पर उचौलिया पुलिस की सराहना की है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0