रामापुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बस और बाइक में लगी आग

लखीमपुर खीरी के राजापुर क्षेत्र में ट्रक, बस और बाइक की जोरदार भिड़ंत के बाद तीनों वाहनों में आग लग गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।

May 14, 2026 - 14:29
May 14, 2026 - 15:02
 0  4
रामापुर रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक-बस और बाइक में लगी आग

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। राजापुर क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके में दहशत फैला दी। के.पी. लॉन के आगे रामापुर रोड स्थित जलसा लॉन के सामने ट्रक, बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

 

हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के तुरंत बाद तीनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही देर में ट्रक, बस व बाइक आग के गोले में तब्दील हो गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही राजापुर चौकी इंचार्ज संचित यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन पुलिस ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। चौकी इंचार्ज संचित यादव की सक्रियता के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते रामापुर रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद खुलवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे में घायल अथवा हताहत लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0