अम्बेडकरनगर : निष्पक्ष विवेचना और पूर्व विवेचक पर कार्रवाई की मांग, पीड़ित ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अंबेडकरनगर में परिवार रजिस्टर कूटरचना मामले में निष्पक्ष विवेचना और पूर्व विवेचक पर कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को पत्र लिखा।

Jan 18, 2026 - 17:25
Jan 24, 2026 - 22:46
 0  10
अम्बेडकरनगर : निष्पक्ष विवेचना और पूर्व विवेचक पर कार्रवाई की मांग, पीड़ित ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

अंबेडकरनगर,अचल वार्ता। जनपद अंबेडकरनगर के ग्राम डुहिया, थाना कोतवाली टांडा निवासी रवींद्र कुमार यादव ने अपने मुकदमे की निष्पक्ष विवेचना कराए जाने और पूर्व विवेचक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखा है। पीड़ित का आरोप है कि उसके मामले में जानबूझकर साक्ष्यों की अनदेखी करते हुए दोषपूर्ण और विधि विरुद्ध विवेचना की गई।

परिवार रजिस्टर में कूटरचना का आरोप

पीड़ित के अनुसार मामला परिवार रजिस्टर में छेड़छाड़, कूटरचना एवं फर्जी वसीहत से जुड़ा है। आरोप है कि परिवार रजिस्टर के क्रम संख्या 10 और 11 पर नाम, लिंग तथा जन्म-मृत्यु संबंधी विवरणों में कूटरचना की गई। वहीं क्रम संख्या 19 और 20 पर बिना सक्षम अधिकारी के आदेश के रामनयन और कलावती के नाम गलत तरीके से दर्ज करा दिए गए।

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

रवींद्र यादव द्वारा इस मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, अंबेडकरनगर के आदेश पर 03 अप्रैल 2025 को मुकदमा संख्या 84/2025 दर्ज कराया गया। मुकदमा ग्रामसभा से जुड़े विपक्षी मुन्नर पुत्र रामफेर, मित्रसेन, बृजेश, बलिराम पुत्रगण राजाराम (पूर्व प्रधान), नीलेश, निखिल पुत्रगण मुन्नर तथा 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में पंजीकृत किया गया।

पूर्व विवेचक पर गंभीर आरोप

मुकदमे की विवेचना उप निरीक्षक दिनेश चंद्र मौर्य (वर्तमान तैनाती छज्जापुर पुलिस चौकी, टांडा) द्वारा की जा रही थी। पीड़ित का आरोप है कि विवेचक ने निजी हितों एवं विपक्षियों के प्रभाव में आकर प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत महत्वपूर्ण साक्ष्यों और दस्तावेजों को विवेचना में शामिल नहीं किया।

विवेचना हुई स्थानांतरित

पीड़ित परिवार की शिकायत पर उच्च अधिकारियों ने जांच आख्या और आपत्तियों पर सुनवाई करते हुए विवेचना स्थानांतरित करने का आदेश पारित किया। इसके क्रम में पुलिस अधीक्षक, अंबेडकरनगर द्वारा पत्र संख्या 52/2025 (विवेoस्थाo) दिनांक 07 नवंबर 2025 के माध्यम से विवेचना थाना कोतवाली टांडा से थाना अलीगंज स्थानांतरित कर दी गई। नए विवेचक के रूप में उप निरीक्षक हरिकेश बहादुर को नियुक्त किया गया।

नए विवेचक को प्रभावित करने का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि पूर्व विवेचक दिनेश चंद्र मौर्य द्वारा नए विवेचक को भी प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे निष्पक्ष और न्यायसंगत जांच में बाधा उत्पन्न हो रही है।

मुख्यमंत्री से की गई यह मांग

रवींद्र कुमार यादव ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि

  • पूर्व विवेचक दिनेश चंद्र मौर्य का किसी कम लाभ वाले पद या अन्य जनपद में स्थानांतरण किया जाए।
  • प्रार्थी द्वारा प्रस्तुत सभी साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायोचित विवेचना सुनिश्चित कराई जाए।
  • पीड़ित का कहना है कि निष्पक्ष जांच से ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी और उसे न्याय मिल पाएगा।

- अमित प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0