हरदोई : मतुआ में चोरी की बड़ी वारदात, दो घरों को बनाया निशाना तीसरे घर में परिजन जागे तो भागे चोर

Jul 8, 2026 - 16:54
Jul 8, 2026 - 18:02
 0  172
हरदोई : मतुआ में चोरी की बड़ी वारदात, दो घरों को बनाया निशाना तीसरे घर में परिजन जागे तो भागे चोर

हरदोई , अचल वार्ता । मतुआ में चोरी की बड़ी वारदात, तीसरे घर में परिजन जागे तो भागे चोर हरदोई।कोतवाली कछौना क्षेत्र के ग्राम मतुआ में मंगलवार की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर ग्रामीणों में दहशत फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाया। दो घरों से नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए, जबकि तीसरे घर में परिजनों के जाग जाने से चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से भाग निकले। जानकारी के अनुसार, ग्राम मतुआ निवासी इरफान के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए। वहां से सोने का हार, झूमर, मांगटीका, अंगूठी, झाला, पायल सहित लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद बदमाश विमलेश सक्सेना के घर की छत के रास्ते अंदर पहुंचे और 36 हजार रुपये की नकदी के अलावा झुमकी, मंगलसूत्र, झाला, पायल तथा अन्य कीमती आभूषण समेट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने पप्पू कश्यप के घर में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन आहट मिलने पर परिजन जाग गए। शोर-शराबा होते ही चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना कोतवाली कछौना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवारों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पुलिस गश्त प्रभावी नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम सुरक्षा समितियां केवल कागजों तक सीमित हैं तथा पुलिस और आमजन के बीच संवाद की कमी के कारण अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। साथ ही, गांवों में खुलेआम जुए के फड़ संचालित होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0