बागेश्वर : एसआईआर अभियान की समीक्षा, त्रुटिरहित मतदाता सूची पर जोर
बागेश्वर, अचल वार्ता । निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में मंगलवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, अनमैप्ड मतदाताओं एवं विसंगतियों वाले मतदाताओं को जारी नोटिसों तथा दावे-आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों और उनके बूथ लेवल एजेंटों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पात्र मतदाताओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित करते हुए एसआईआर अभियान के सफल क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से न छूटे।
बैठक में अवगत कराया गया कि अनमैप्ड मतदाताओं तथा मतदाता सूची में किसी प्रकार की विसंगति पाए जाने वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। जनपद की दोनों विधानसभाओं से संबंधित नोटिसों की सुनवाई एवं निस्तारण की कार्रवाई 03 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक की जाएगी। नोटिस प्राप्त मतदाता सुनवाई के दौरान निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अभिलेखों में से संबंधित विसंगति के अनुरूप आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। साथ ही, अपात्र मतदाताओं की पहचान एवं आवश्यक सत्यापन भी जरूरी है, ताकि मतदाता सूची अधिक शुद्ध एवं विश्वसनीय बन सके। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं बूथ लेवल एजेंटों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए पात्र मतदाताओं को आवश्यक अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान में सकारात्मक सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटिसों की सुनवाई तथा दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धनी राम टम्टा, भाजपा प्रतिनिधि मदन राम आगरी एवं रवि करायत, कांग्रेस प्रतिनिधि चामू सिंह देवली एवं प्रवीण सिंह सहित निर्वाचन विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0