बागेश्वर : कारगिल विजय दिवस की तैयारियां तेज, शहीदों को श्रद्धांजलि व सम्मान कार्यक्रम होंगे आयोजित ।

Jul 9, 2026 - 14:33
 0  0
बागेश्वर : कारगिल विजय दिवस की तैयारियां तेज, शहीदों को श्रद्धांजलि व सम्मान कार्यक्रम होंगे आयोजित ।

बागेश्वर, अचल वार्ता । जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कारगिल विजय दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक सहित सभी कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई एवं आकर्षक साज-सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका को दिए। पुलिस विभाग को प्रातः 6 बजे आयोजित क्रॉस कंट्री रैली तथा प्रभातफेरी के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

बैठक में बताया गया कि शौर्य दिवस के अवसर पर प्रातः 6 बजे भागीरथी बायपास से डिग्री कॉलेज गेट तक क्रॉस कंट्री रेस आयोजित होगी। इसके उपरांत प्रातः 8 बजे नुमाइशखेत से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। प्रातः 9 बजे तहसील परिसर स्थित शहीद स्मारक में शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। माल्यार्पण के बाद तहसील परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

मुख्य कार्यक्रम प्रातः 10 बजे कलेक्ट्रेट रोड स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसमें शहीदों के परिजनों को सम्मानित करने के साथ देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समय से ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, सहायक अधिकारी सूबेदार मेजर आनंद गिरी, कल्याण कार्यकर्ता कैलाश पंत, दिलीप खेतवाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय साह आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0