अम्बेडकर नगर : सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टांडा में मेधावी सम्मान समारोह का हुआ भव्य आयोजन
अम्बेडकर नगर, अचल वार्ता । प्रधानाचार्य विजय प्रकाश उपाध्याय के कुशल निर्देशन में बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले छात्र छात्राओं को माल्यार्पण एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मेधावी सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अरविन्द रावत जी शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक टांडा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में मेजर डॉ बलराम त्रिपाठी, विद्यालय के प्रबंधक ज्योति प्रकाश जायसवाल पूर्व प्रबंधक, पूर्व अध्यक्ष आनन्द अग्रवाल, उपस्थित रहे। साथ ही में बड़ी संख्या में सम्मानित होने वाले छात्र छात्राओं के माता,पिता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजय प्रकाश उपाध्याय ने सभी अतिथियों का परिचय कराया और अपने संबोधन में कहा कि आज का यह सम्मान केवल अंकों का नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास का सम्मान है। इसमें विद्यालय के आचार्य एवं आचार्या बहनों के साथ- साथ माता पिता सभी का सहयोग, आशीर्वाद, एवं मार्गदर्शन है।
आज के मुख्य अतिथि शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक टांडा के अरविन्द रावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए आगे कहा कि सफलता कोई एक दिन में प्राप्त होने वाली उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम होती है। भैया-बहनों को प्रेरित करते हुए कहा कि—
जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। समय का सदुपयोग करें और अपने अध्ययन को प्राथमिकता दें।
असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ें। विशिष्ट अतिथि टी एन पी जी कॉलेज टांडा के पूर्व प्राचार्य मेजर डॉ बलराम त्रिपाठी ने अपनेओजस्वी एवं प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं समाज के प्रति कृतज्ञ रहें। विवेकवान बने। बुद्धि का प्रयोग सद्बुद्धि में करें।
उन्होंने यह भी कहा कि “आप सभी विद्यार्थी विद्यालय ही नहीं, बल्कि अपने परिवार और समाज की आशा हैं। आपका प्रत्येक प्रयास देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखता है।”
अंत में उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे इसी प्रकार आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जनपद का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक ज्योति प्रकाश जायसवाल एवं आनंद अग्रवाल ने भी विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य विजय प्रकाश उपाध्याय द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए तथा भैया-बहनों को आशीर्वचन प्रदान कर किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ आचार्य सुरेन्द्र पांडेय ने किया। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को विद्यालय के प्रबंधक जी द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के कार्यालय प्रमुख शिव कुमार सिंह, सर्वजीत तिवारी, केशव प्रसाद शुक्ला,राज कुमार, आचार्या बहनें श्रीमती सचिता पांडेय, श्रीमती नीतू सिंह, श्रीमती अर्चना सिंह, सुश्री शैवी विश्वकर्मा, सुश्री तृप्ति मौर्य, सुश्री साक्षी जायसवाल, सुश्री रुचि साहू, सुश्री अक्षरा पांडेय, सुश्री सभी प्रियंका यादव, सुश्री मोहिनी सिंह सभी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि मेजर डॉ बलराम त्रिपाठी द्वारा प्रधानाचार्य एवं सभी आचार्य एवं आचार्या बहनों को उपहार देकर आशीर्वाद दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0