हरदोई : महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी का सपा प्रमुख ने लिया सज्ञान, जिलाध्यक्ष को हटाने के साथ सपा इकाई भंग
हरदोई , अचल वार्ता । समाजवादी पार्टी ने संगठन में अनुशासन और मर्यादा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हरदोई जिले की पूरी जिला कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा की गई है।
जारी आदेश के अनुसार मुख्य जिला कार्यकारिणी के साथ-साथ हरदोई के सभी प्रकोष्ठों और फ्रंटल संगठनों की कमेटियों को भी समाप्त कर दिया गया है। पार्टी के इस फैसले को अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि पूर्व सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली का एक कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल सामग्री में उन पर पार्टी की वरिष्ठ महिला नेताओं के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं। कथित तौर पर उन्होंने तीन बार की पूर्व सांसद ऊषा वर्मा तथा दो बार की पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी के संबंध में अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया था।
पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संगठनात्मक कार्रवाई की। राजनीतिक हलकों में इस फैसले को अखिलेश यादव की अनुशासन को लेकर अपनाई गई सख्त नीति के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि इसके माध्यम से पार्टी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी नेता या पदाधिकारी को संगठन की गरिमा और वरिष्ठ नेताओं के सम्मान के खिलाफ जाने की छूट नहीं दी जाएगी।
सपा नेता वीरेंद्र सिंह 'वीरे' ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पार्टी हित और संगठन की मर्यादा से बड़ा कोई व्यक्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि जो लोग संगठन की गरिमा को ठेस पहुंचाएंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी होती रहेगी।
हरदोई की राजनीति में ऊषा वर्मा और राजेश्वरी देवी का महत्वपूर्ण जनाधार और प्रभाव माना जाता है। ऐसे में उनके खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी नाराजगी देखी गई थी। पार्टी की इस कार्रवाई को उसी नाराजगी के जवाब और संगठनात्मक अनुशासन की स्थापना की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0