मुरादाबाद : पीतल कारोबारी के घर डकैती का खुलासा, बेटी ने ही रची थी वारदात की साजिश

May 14, 2026 - 18:08
May 14, 2026 - 20:12
 0  1
मुरादाबाद : पीतल कारोबारी के घर डकैती का खुलासा, बेटी ने ही रची थी वारदात की साजिश

मुरादाबाद, अचल वार्ता। थाना नागफनी क्षेत्र में पीतल कारोबारी के घर हुई डकैती का पुलिस ने महज तीन दिन में खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सतर्कता और सटीक रणनीति के चलते इस दुस्साहसिक वारदात में शामिल कारोबारी की बेटी समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 47 लाख 24 हजार रुपये की नकदी, अवैध हथियार और घटना में प्रयुक्त दो कारें बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। 11 मई की रात थाना नागफनी क्षेत्र स्थित अकबर कम्पाउंड निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर में बदमाशों ने तमंचों के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाश परिवार को आतंकित कर नगदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में थाना नागफनी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीमों का गठन किया। एसएसपी सतपाल अंतिल लगातार पूरे मामले की मॉनिटरिंग करते रहे और टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। पुलिस टीमों ने दिन-रात मेहनत करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ के चलते पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अमरोहा निवासी अरशद वारसी, रवि कुमार और निक्की के अलावा मुरादाबाद निवासी कुलदीप तथा कारोबारी की बेटी अरीबा शामिल हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अरीबा का अरशद वारसी से पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी दौरान अरीबा ने अपने पिता के घर में रखी भारी नकदी की जानकारी अरशद को दी और घर की चाबियां तक उपलब्ध करा दी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। घटना वाले दिन अरीबा ने मुख्य गेट खुलवाने में भी मदद की, जिसके बाद आरोपी घर में घुसे और डकैती की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 47.24 लाख रुपये की नकदी, दो हुंडई एक्सेंट कार, पांच मोबाइल फोन, चार अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वहीं इतनी बड़ी वारदात का मात्र तीन दिन में खुलासा होने पर आमजन और व्यापारियों ने भी मुरादाबाद पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0