हरदोई : पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के लिए हरदोई पुलिस मुस्तैद, एसपी ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
हरदोई, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 को सकुशल, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरदोई पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हरदोई ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा जांच, यातायात व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भर्ती परीक्षा लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसलिए इसकी निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
जनपद पुलिस द्वारा परीक्षा के सफल संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ अधिकारियों द्वारा लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाती रही। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास विशेष सतर्कता बरती गई और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी गई।
पुलिस प्रशासन की प्रभावी तैयारियों और सतर्क निगरानी के बीच उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- लक्ष्मीकांत पाठक
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0