हरदोई : पुलिस का साइबर अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 25 शातिर गिरफ्तार

Jul 9, 2026 - 16:42
Jul 9, 2026 - 17:48
 0  5
हरदोई : पुलिस का साइबर अपराधियों पर बड़ा प्रहार, 25 शातिर गिरफ्तार

हरदोई , अचल वार्ता । जनपद में साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरदोई पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए साइबर ठगी में संलिप्त 25 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर सेल, सर्विलांस टीम तथा विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने साइबर हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान थाना पाली से सात, सवायजपुर से पांच, कासिमपुर से नौ, पचदेवरा से दो, संडीला से एक तथा कोतवाली शहर से एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा कोतवाली शहर क्षेत्र से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में सौरभ सिंह, संजीव उर्फ संजीत, रमाकांत, अंकित, अरुण कुमार, सचिन, अरविन्द, दुर्गेश चौहान, कृष्ण मुरारी उर्फ मुरारी, अंकित, राधा सिंह, मंजीत उर्फ नीलू, शलभ वाजपेयी, विजय पाल, रामकिशोर, प्रेमलता, सर्वेश, राजकुमार, रवि, अरुण, हरीशचन्द्र, सुलमत, धीरिश गोस्वामी, आरती सिंह तथा योगेश शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), धारा 3(5) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-डी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

जांच के दौरान थाना संडीला से संबंधित एक अभियुक्त के म्यूल बैंक खाते में मौजूद 40 लाख 75 हजार रुपये की संदिग्ध धनराशि पर रोक लगवा दी गई। पुलिस का मानना है कि यह धनराशि साइबर ठगी से संबंधित है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर उनके नेटवर्क, सहयोगियों और साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस इस गिरोह के आर्थिक लेन-देन और बैंक खातों की भी गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि साइबर अपराधियों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जनपद में सक्रिय साइबर गिरोहों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारीगण, साइबर सेल, सर्विलांस टीम तथा विभिन्न थाना प्रभारियों की संयुक्त टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या लालच देने वाले ऑनलाइन प्रस्ताव पर विश्वास न करें तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0