पीलीभीत: सपा कार्यालय पर धूमधाम से मनाई गई सावित्रीबाई फुले जयंती, 2027 की तैयारी में जुटा संगठन

Jan 3, 2026 - 21:38
Jan 20, 2026 - 10:11
 0  50
पीलीभीत: सपा कार्यालय पर धूमधाम से मनाई गई सावित्रीबाई फुले जयंती, 2027 की तैयारी में जुटा संगठन

पीलीभीत, अचल वार्ता। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार शनिवार को केजीएन-2 कैम्प स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर महान समाज सेविका,भारत की पहली महिला शिक्षिका सावित्रीबाई फुले जी की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जयंती कार्यक्रम के उपरांत सपा जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

  कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह ने सावित्रीबाई फुले के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे भारत की पहली महिला शिक्षिका, समाज सुधारक और कवयित्री थीं। उन्होंने अपने पति महात्मा ज्योतिराव फुले के साथ वर्ष 1848 में पुणे में भारत का पहला बालिका विद्यालय स्थापित कर समाज में शिक्षा की अलख जगाई।उस दौर में जब महिलाओं और दलितों को शिक्षा से दूर रखा जाता था, तब सावित्रीबाई फुले ने अपमान,विरोध और सामाजिक बाधाओं के बावजूद शिक्षा का दीप बुझने नहीं दिया। उनका संघर्ष आज भी सामाजिक बराबरी और समान अवसरों की प्रेरणा देता है।

  जयंती के बाद आयोजित मासिक बैठक में जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में संगठनात्मक विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में आगामी दिनों में नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया को गंभीरता से संचालित करने पर जोर दिया गया।

  चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा क्षेत्रों में बढ़ाए गए नए बूथों पर पार्टी के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने के निर्देश दिए गए, ताकि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा सके। साथ ही वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता से अभी से पूरी सक्रियता,समर्पण और अनुशासन के साथ जुटने का आह्वान किया गया।कार्यक्रम का संचालन सपा जिला महासचिव नफीस अहमद अंसारी ने किया। 

  इस अवसर पर पूर्व प्रत्याशी बीसलपुर दिव्या पी. गंगवार, जिला उपाध्यक्ष मखदूम खान, बालकराम सागर, काशीराम सरोज, हाजी अकबर अहमद अंसारी, सदर विधानसभा अध्यक्ष हाजी इम्तियाज अल्वी, बीडी प्रजापति, धनपति वर्मा एडवोकेट, चौधरी प्रदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी,अधिवक्ता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सावित्रीबाई फुले के आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक न्याय और शिक्षा के प्रसार के संकल्प के साथ किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0