लखीमपुर खीरी : तीन दिन से लापता महिला का खेत में मिला अर्धनग्न शव, हत्या का आरोप
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जनपद के फरधान क्षेत्र में तीन दिनों से लापता 24 वर्षीय महिला का शव शनिवार सुबह घर से करीब 200 मीटर दूर गेहूं के खेत में अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, कैमहरा गांव निवासी मनोज कुमार की पत्नी सुमरा 26 फरवरी की रात से लापता थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शनिवार सुबह करीब 11 बजे गांव के पास खेत में सुमरा का शव सड़ी-गली हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंची फरधान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के बड़े पुत्र सुधीर ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ दबंगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसकी मां की हत्या की है। परिजनों का कहना है कि उन्होंने पूर्व में भी नामजद प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। मामले को लेकर परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप भी लगाया है।
सूत्रों के अनुसार, गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे परिजनों के साथ कथित अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि यदि समय रहते सक्रियता दिखाई जाती तो महिला की जान बच सकती थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी पुलिस बल के साथ शव को गांव लेकर पहुंचे और परिजनों को समझाया।
पुलिस ने घटना से संबंधित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0