पत्रकार पर 'हॉकी-डंडा अटैक', थाने की नींद पर सवाल,बवाल

अम्बेडकरनगर के बसखारी थाना क्षेत्र में पत्रकार जगदीप गौतम पर हॉकी-डंडों से हमले और जातिसूचक गालियां देने का आरोप। घटना के बाद भी FIR दर्ज न होने से पत्रकारों में नाराजगी।

Mar 9, 2026 - 11:43
 0  23
पत्रकार पर 'हॉकी-डंडा अटैक', थाने की नींद पर सवाल,बवाल

अम्बेडकरनगर, अचल वार्ता। जिले के बसखारी थाना क्षेत्र में एक पत्रकार पर कथित रूप से हॉकी और डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने पत्रकार के साथ मारपीट करने के साथ जातिसूचक गालियां भी दीं। घटना के कई दिन बाद भी FIR दर्ज न होने से स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 जानकारी के अनुसार, आलापुर तहसील क्षेत्र के रामकोला निवासी पत्रकार जगदीप गौतम पिछले लगभग पांच वर्षों से इलाके में सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं और सामाजिक मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं। बताया जा रहा है कि 6 मार्च 2026 की रात करीब 11:15 बजे वह मालीपुर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी कार और सामने से आ रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार के बीच आमना-सामना हो गया।

  प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पत्रकार अपनी कार से नीचे उतरे, सामने से आए अनिल कुमार शर्मा और उनके पांच साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि सभी के हाथों में हॉकी और डंडे थे। पत्रकार ने स्थिति शांत करने के लिए अपना विजिटिंग कार्ड दिखाया, लेकिन आरोपियों ने कार्ड फाड़ दिया और कथित तौर पर उनके नाम में “गौतम” देखकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करना शुरू कर दिया।

  बताया जा रहा है कि आरोपियों ने कथित रूप से जातिसूचक गालियां देते हुए पत्रकार पर हॉकी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में पत्रकार के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों के हस्तक्षेप और पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने कथित तौर पर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

  घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने बसखारी थाना में शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि अभी तक मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है। इसी को लेकर स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी बढ़ रही है। पत्रकार संगठनों का कहना है कि यदि जल्द ही मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

 इस घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब एक पत्रकार के साथ ऐसी घटना होने के बाद भी त्वरित कार्रवाई नहीं हो रही है, तो आम लोगों की शिकायतों पर क्या स्थिति होगी। फिलहाल इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज है और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

- अमित प्रजापति 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0