पीलीभीत: किसान दिवस में गूंजा किसानों का दर्द, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

संक्षेप: पीलीभीत में किसान दिवस के दौरान किसानों ने नहर सफाई, गन्ना और फार्मर रजिस्ट्री से जुड़ी समस्याएं उठाईं। डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

Jan 21, 2026 - 22:37
Jan 26, 2026 - 22:12
 0  2
पीलीभीत: किसान दिवस में गूंजा किसानों का दर्द, डीएम ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

नहरों की सफाई, गन्ना किसानों की समस्याएं और फार्मर रजिस्ट्री पर रहा फोकस

पीलीभीत, अचल वार्ता। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को गांधी सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने अपनी समस्याएं खुलकर अधिकारियों के सामने रखीं। कार्यक्रम में किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

फार्मर रजिस्ट्री पर दिया गया जोर

किसान दिवस के दौरान एग्री स्टैक योजना के अंतर्गत चल रही फार्मर रजिस्ट्री के लाभों की जानकारी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है, ताकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की आगामी किस्त सीधे किसानों के खातों में पहुंच सके। जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से शीघ्र अपनी रजिस्ट्री पूर्ण कराएं।

नहरों की सफाई और गन्ना किसानों के मुद्दे उठे

भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधि गुरदीप सिंह ने माला जंगल से होकर गुजर रही निगोही ब्रांच नहर में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने की समस्या उठाई और जल्द सफाई कराने की मांग की। वहीं भाकियू के जिला प्रभारी बलराम सिंह काहलो ने एआरटी पीलीभीत द्वारा गन्ने से भरी ट्रालियों को रोके जाने और सीज किए जाने का मुद्दा उठाते हुए इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

भाकियू जिलाध्यक्ष वेदप्रकाश शर्मा ने नहरों की सफाई वर्ष में केवल एक बार किए जाने पर आपत्ति जताते हुए साल में दो बार सफाई कराए जाने की आवश्यकता बताई।

किसानों की समस्याएं प्राथमिकता: डीएम

जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा—

“ किसानों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ”

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त सभी शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों से अपने गांवों में 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करने की अपील भी की।

विभागीय अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी

किसान दिवस में उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार, अधिशासी अभियंता विद्युत आशीष यादव, अग्रणी जिला प्रबंधक राजकुमार सेठ, जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम, जिला कृषि अधिकारी नरेन्द्र पाल, जिला पंचायतराज अधिकारी रोहित भारती तथा सहायक आयुक्त/सहायक निबंधक सहकारिता डॉ. प्रदीप कुमार सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग कर किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।

- एड. शैलेन्द्र शर्मा 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0