अयोध्या: डीजल-पेट्रोल आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी सख्त, पेट्रोल पंपों के संचालन समय व व्यवस्था के दिए निर्देश
अयोध्या में डीजल-पेट्रोल आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे की बैठक, पेट्रोल पंपों के संचालन समय सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक तय, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश...
अयोध्या, अचल वार्ता। जनपद में डीजल व पेट्रोल की सुचारू आपूर्ति बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने अपने कैंप कार्यालय में संबंधित अधिकारियों और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) योगानंद पांडे, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, पुलिस उपाधीक्षक श्रीयश त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी बृजेश कुमार मिश्रा तथा ऑयल कंपनियों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के बाद जिलाधिकारी ने पेट्रोलियम पदार्थों के निर्गमन में आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कई अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का संचालन समय सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक रहेगा, जबकि जो पेट्रोल पंप पहले से 24 घंटे संचालित हैं, वे पूर्ववत जारी रहेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं की व्यवस्थित लाइन लगवाकर ही डीजल-पेट्रोल की आपूर्ति की जाए। साथ ही पंपों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से उपलब्ध स्टॉक और आने वाले ऑयल टैंकरों की जानकारी जनता को दी जाए, ताकि किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति न बने।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तेल की कमी को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक पेट्रोल पंप पर बैनर या सूचना पट्ट लगाकर उपलब्ध स्टॉक और आने वाले टैंकरों की स्थिति प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि टैंकर से तेल की अनलोडिंग के दौरान स्पष्ट रूप से बोर्ड लगाकर इसकी सूचना दी जाए। साथ ही सभी पेट्रोल पंप संचालक समय से ऑयल डिपो पर अग्रिम धनराशि जमा करें, ताकि टैंकर आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंपों से डिब्बों और ड्रमों में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पेट्रोल पंपों पर पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी और संबंधित चौकी व थाना प्रभारी समय-समय पर निरीक्षण करेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों व पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया कि इन आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0