खखरा चौराहा बाईपास पर सीएनजी गैस से भरा ट्रक पलटा, तेज गैस रिसाव से मचा हड़कंप

Mar 8, 2026 - 16:45
Mar 8, 2026 - 17:08
 0  2
खखरा चौराहा बाईपास पर सीएनजी गैस से भरा ट्रक पलटा, तेज गैस रिसाव से मचा हड़कंप

प्रशासन की तत्परता से टला बड़ा हादसा

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। शनिवार को सदर कोतवाली क्षेत्र के खखरा चौराहा बाईपास पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीएनजी गैस से भरा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें भरे सिलेंडरों से तेज गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और कुछ समय के लिए पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

  जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP80 JT 9271 में सीएनजी गैस भरी हुई थी और वह शाहजहांपुर से पलिया रोड स्थित भगवान दास फ्यूल पंप की ओर जा रहा था। हादसे के समय ट्रक को आरिफ अली पुत्र नजमुल हसन निवासी रामपुर, थाना कोतवाली सदर चला रहे थे। खखरा चौराहे के पास ट्रक अचानक असंतुलित होकर पलट गया, जिसके बाद लगभग 15 मिनट तक लगातार गैस रिसाव होता रहा और किसी बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई।

घटना की सूचना मिलते ही एलआरपी चौकी पुलिस और फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने पानी की लगातार फुहार डालकर गैस रिसाव को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान इंडिया वाट लिंग प्लांट छाउछ, लखीमपुर के कर्मचारियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया।

बाद में दो क्रेन की मदद से पलटे हुए ट्रक को सीधा कराया गया और सिलेंडरों के सभी वाल्व की सावधानीपूर्वक जांच की गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटा दिया और कुछ समय के लिए लखीमपुर-गोला मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।

मौके पर क्षेत्राधिकारी, स्थानीय पुलिस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। राहत की बात यह रही कि इस पूरे हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन और फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया, जिसकी स्थानीय लोगों ने सराहना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0