लखीमपुर खीरी : सावन तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा

Jul 29, 2026 - 18:43
 0  3
लखीमपुर खीरी : सावन तैयारियों का सीडीओ ने लिया जायजा

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। सावन में शिवभक्तों की आस्था के केंद्र प्राचीन श्री देवेश्वरनाथ शिव मंदिर में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने ब्लॉक लखीमपुर की ग्राम पंचायत देवकली स्थित मंदिर का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और साफ शब्दों में निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं व कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने पूरे सावन माह मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई के लिए स्वच्छता टीम तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी एडीओ पंचायत करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए मंदिर परिसर में वेटिंग एरिया, नए शौचालय तथा पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश भी दिए।

सीडीओ ने पेयजल, सुगम आवागमन, दर्शन व्यवस्था और कांवड़ियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। साथ ही पर्यटन विभाग की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। बीडीओ लखीमपुर को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर, परिक्रमा पथ और आसपास के क्षेत्र की नियमित सफाई तथा शौचालयों की स्वच्छता हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि सावन में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान बीडीओ संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0