Ayodhya News: विशेष अभियान दिवस पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए उमड़े लोग, एक दिन में मिले 10,482 फार्म-6
अयोध्या में 29 नवंबर को मतदाता सूची विशेष अभियान दिवस पर 10,482 फार्म-6 प्राप्त हुए। जानें विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़े और मतदाता पंजीकरण की अंतिम तिथि।
अयोध्या, अचल वार्ता। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत अयोध्या जनपद में 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथों पर पहुंचकर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। विशेष अभियान दिवस के दौरान जिले में कुल 10,482 फार्म-6 प्राप्त हुए।
रुदौली विधानसभा में सबसे अधिक मिले फार्म-6
विशेष अभियान दिवस के दौरान विधानसभा क्षेत्रवार प्राप्त फार्म-6 का विवरण इस प्रकार है
- 271-रुदौली: 2,808 फार्म-6
- 273-मिल्कीपुर (अजा): 1,857 फार्म-6
- 274-बीकापुर: 1,626 फार्म-6
- 275-अयोध्या: 1,992 फार्म-6
- 276-गोसाईगंज: 2,199 फार्म-6
इस प्रकार जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों से कुल 10,482 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें रुदौली विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे रहा, जहां 2,808 फार्म-6 जमा किए गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों ने किया बूथों का निरीक्षण
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देशानुसार जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का भ्रमण कर निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए मतदाता पंजीकरण कार्यों की जानकारी ली और अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
16 दिसंबर तक कर सकते हैं मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन
जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से जनपद के सभी अर्ह नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने तथा आवश्यक संशोधन कराने की अपील की गई है। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित है।
इस अवधि में पात्र नागरिक ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं।
फार्म-6, 7 और 8 के लिए कहां करें आवेदन
मतदाता सूची से संबंधित अलग-अलग कार्यों के लिए नागरिक निम्न माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं—
फार्म-6: मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए।
फार्म-7: मतदाता सूची में नाम हटाने के लिए आपत्ति या आवेदन।
फार्म-8: मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन तथा आवश्यक स्थानांतरण के लिए।
ऑफलाइन आवेदन के लिए मतदाता पंजीकरण केंद्र, बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।
वहीं ऑनलाइन आवेदन के लिए निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in तथा ECINET ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
कोई भी पात्र युवा और महिला मतदाता सूची से न छूटे
जिला निर्वाचन प्रशासन ने अपील की है कि जनपद का कोई भी पात्र युवा, महिला या अन्य नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल होने से वंचित न रहे। सभी पात्र नागरिक निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अवश्य करें, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0