अम्बेडकर नगर: विधवा महिला दर-दर खा रही ठोकर, कप्तान से शिकायत के बाद भी महरुआ थाने में लिपापोती
- मिशन शक्ति और पुलिस प्रशासन मौन
- आखिर कब जागेंगे जनता के रक्षक?
अम्बेडकर नगर, अचल वार्ता। गौतमनगर रामनगर करी की विधवा महिला अनीता न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है, लेकिन महरुआ थाना पुलिस की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। 8 नवम्बर को घर में घुसकर मारपीट किए जाने की घटना के बाद पीड़िता ने थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उसने पुलिस कप्तान से शिकायत की, फिर भी मामले में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस न एफआईआर दर्ज कर रही है न आरोपियों पर कार्रवाई कर रही है। उल्टा उससे बार-बार समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। यह स्थिति उस समय और गंभीर हो जाती है जब महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति जैसे बड़े अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता।
मामले में जब क्षेत्राधिकारी भीटी से बात की गई तो उनका बयान हैरान करने वाला था। उन्होंने कहा कि “पीड़िता मेरे पास समझौते की बात कहने आई थी।”
लेकिन जब बताया गया कि पीड़िता तो कार्रवाई चाहती है, तो उन्होंने जवाब दिया
“हो सकता है मेरे पास दूसरी पक्ष की महिला आई हो।”
उन्होंने यह भी माना कि उन्होंने थाना अध्यक्ष को समझौता कराने को कहा है। दूसरी तरफ आरोपी पक्ष मारपीट से इनकार कर रहा है और केवल गाली-गलौज होने की बात कह रहा है।
पीड़िता कहती है..
“थाने से लेकर कप्तान कार्यालय तक चक्कर लगा रही हूँ, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि महरूआ थाने में कई मामलों में इसी तरह की लापरवाही और गुमराह करने की प्रवृत्ति सामने आती है। इससे थाने की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
अंत में बड़ा प्रश्न यह खड़ा होता है...
जब एक विधवा महिला न्याय के लिए दर-दर भटके और मिशन शक्ति व पुलिस प्रशासन मौन रहे, तो आम जनता पुलिस पर भरोसा कैसे करेगी? आखिर कब जागेंगे जनता के ये रक्षक?
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0