अम्बेडकर नगर: जिलाधिकारी का एक्शन मोड, 21 अधिकारियों का वेतन रोका
अंबेडकर नगर, अचल वार्ता। जनपद में इन दिनों जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। उनकी ताबड़तोड़ कार्यवाही से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
हालिया कार्रवाइयों ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि लापरवाही अब किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने वाले 21 अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोक दिया गया है। जिलाधिकारी ने साफ निर्देश दिए हैं कि जनता की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
इससे पूर्व भी दो ग्राम प्रधानों के अधिकार सीज (पावर स्विच ऑफ) किए जा चुके हैं, जिससे प्रशासनिक हलकों में सख्ती का असर साफ दिखाई दे रहा है। जिलाधिकारी की इस सक्रियता की तुलना लोग फिल्म नायक में अभिनेता अनिल कपूर द्वारा निभाए गए सख्त प्रशासक के किरदार से कर रहे हैं, जहां एक दिन के मुख्यमंत्री ने व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखाया था। जनता के बीच जिलाधिकारी की कार्यशैली को लेकर सकारात्मक संदेश जा रहा है।
लोगों में यह विश्वास जग रहा है कि अब उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई होगी। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि अधीनस्थ अधिकारियों में इस सख्ती से सुधार आता है या फिर व्यवस्था पुराने ढर्रे पर लौटती है। फिलहाल इतना तय है कि प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिया है— जनता के साथ जरा सी भी लापरवाही अब भारी पड़ सकती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0