पीलीभीत: एआरटीओ ने मानक विहीन वाहनों पर चलाया अभियान, कई सीज
पीलीभीत, अचल वार्ता। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत ओवरलोडिंग एवं परमिट शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करते हुए पांच मालवाहक वाहनों को सीज किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाली एक बस का चालान किया गया।पीलीभीत सूचना विभाग के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों ने एआरटीओ वीरेंद्र सिंह एवं यात्रीकर अधिकारी बर्डिस चतुर्वेदी के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गुजर रहे मालवाहक वाहनों की गहन जांच की गई, जिसमें 02 ट्रक, 02 डंपर एवं 01 डीसीएम वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक माल का परिवहन करते हुए पाए गए।नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए उक्त सभी पांचों वाहनों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सीज की कार्रवाई की गई। इनमें से दो वाहनों को गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी, एक वाहन को पूरनपुर चीनी मिल पुलिस चौकी तथा एक वाहन को बीसलपुर थाना परिसर में निरुद्ध किया गया।
शेष वाहन को भी नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर खड़ा कराते हुए कार्रवाई सुनिश्चित की गई।इसी अभियान के दौरान एक यात्री बस, जो बहराइच से दिल्ली जा रही थी, की भी जांच की गई। जांच में पाया गया कि बस द्वारा परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए यात्रियों का परिवहन किया जा रहा था। इस पर संबंधित बस के विरुद्ध चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई।
एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा सड़कों को भी भारी क्षति पहुंचती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ओवरलोडिंग,परमिट उल्लंघन एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
- शैलेन्द्र शर्मा
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0