अयोध्या : कुमारगंज थाने की नई पहल एंट्री रजिस्टर में दर्ज होगी हर आगंतुक की पूरी डिटेल,
- संदिग्धों पर रहेगी नजर तीन चोरियों का खुलासा अब भी पुलिस के लिए चुनौती
मिल्कीपुर ,अयोध्या, अचल वार्ता। कुमारगंज थाना की एक नई पहल इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। थाना परिसर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता, गांव, मोबाइल नंबर, आने का कारण, किससे मिलने आया है तथा आने-जाने का समय रजिस्टर में दर्ज किया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस व्यवस्था से थाने में आने वाले संदिग्ध लोगों, दलालों और संभावित अपराधियों की पहचान आसानी से की जा सकेगी।
दरअसल, बीते माह कुमारगंज एसएचओ के नाम पर सरसों व्यापारी से ठगी का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद थाना प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से यह नई पहल शुरू की है। कई पुलिसकर्मियों का कहना है कि इस रजिस्टर प्रणाली से थाने में आने-जाने वालों पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगेगी।
हालांकि दूसरी ओर थाना क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा न होना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी खड़े कर रहा है। क्षेत्र में अब तक तीन बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लाखों रुपये के जेवरात, नगदी और कपड़े चोरी हुए हैं।
पहला मामला 10/11 अप्रैल की रात का है, जब कुमारगंज के बवां रोड निवासी विनोद सिंह के घर सेंध काटकर लाखों रुपये के जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया, लेकिन अभी तक घटना का खुलासा नहीं हो सका है।
दूसरी घटना गोयड़ी ग्राम पंचायत के पूरे भगाल गांव में 25/26 अप्रैल की रात हुई। परिवार के लोग रिश्तेदारी में गए थे, तभी चोर घर में घुसकर सामान उठा ले गए। पीड़ित चंद्रबली ने मुकदमा दर्ज कराया है।
तीसरी घटना कुमारगंज कस्बे में नाजरीन खातून के बंद मकान में हुई, जहां 28/29 अप्रैल की रात ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवर और नगदी चोरी कर ली गई। थाना प्रभारी सुरेश कुमार पटेल ने चोरी के खुलासे के लिए टीमें गठित करने की बात कही है, लेकिन अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो पाया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0