“पराग है सेहत की धारा” : गणतंत्र दिवस पर अयोध्या दुग्ध संघ ने किसानों को बांटी हस्तचालित चारा कुट्टी मशीन
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर अयोध्या दुग्ध संघ के सभापति आनंद सिंह ' मोनी ' द्वारा “पराग है सेहत की धारा” के अंतर्गत 32 दुग्ध उत्पादक किसानों को हस्तचालित चारा कुट्टी मशीन वितरित की गई। यह कार्यक्रम एनपीडीडी योजना के तहत आयोजित हुआ, जिससे दुग्ध उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
32 दुग्ध उत्पादक किसानों को मिला सीधा लाभ, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम
अयोध्या, अचल वार्ता । 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, अयोध्या मंडल परिसर में किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “पराग है सेहत की धारा” संकल्प के साथ आयोजित इस समारोह में दुग्ध संघ अयोध्या मंडल के माननीय सभापति आनंद सिंह ‘मोनी’ की अध्यक्षता में जनपद के 32 दुग्ध उत्पादक किसानों को हस्तचालित चारा कुट्टी मशीनों का वितरण किया गया।
दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लि०, अयोध्या मंडल की केंद्रीय दुग्ध उत्पादक सहकारी संस्था है, जो मंडल के समस्त जनपदों में दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ दुग्ध उत्पादकों के हितों के संरक्षण के लिए सतत कार्य कर रही है। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा संचालित तथा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (NDDB) द्वारा क्रियान्वित एनपीडीडी कंपोनेंट-बी, जीका परियोजना के अंतर्गत संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सभापति आनंद सिंह ‘मोनी’ ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में बताया कि वर्तमान में अयोध्या दुग्ध संघ का दैनिक दुग्ध संग्रहण लगभग 1 लाख लीटर प्रतिदिन है, जो दुग्ध संघ की स्थापित क्षमता 50 हजार लीटर प्रतिदिन से दोगुना है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद अयोध्या दुग्ध संघ सहकारी दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
सभापति महोदय ने इस उपलब्धि का श्रेय दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक, मंडल के सभी जनपदों में कार्यरत स्थानीय प्रभारियों, फील्ड, फैक्ट्री एवं मार्केटिंग से जुड़े कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को दिया।
वहीं, दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक आशीष कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विश्व स्तरीय बन रही अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं को गुणवत्तायुक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना दुग्ध संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादन और विपणन के क्षेत्र में आने वाली सभी चुनौतियों का सामना करने के लिए दुग्ध संघ अयोध्या सदैव तत्पर रहेगा।
कार्यक्रम में एस.के. घोष (प्रभारी-कारखाना), राम सहोदर त्रिपाठी (परियोजना समन्वयक), रामजीत वर्मा (प्रभारी-पी एंड आई), श्रीमती पुलकित पुष्प (न्यूट्रीशन ऑफिसर) सहित फैक्ट्री, मार्केटिंग एवं दुग्ध संघ के समस्त स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। इसके साथ ही विभिन्न दुग्ध समितियों से आए समिति सचिव, अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक किसान उपस्थित रहे।
समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और किसानों ने दुग्ध संघ अयोध्या द्वारा किए जा रहे इस सहयोग को अपनी आय एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर बताया।
- ब्यूरो रिपोर्ट
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0