अम्बेडकर नगर: नगर पंचायत अध्यक्ष ओंकार गुप्ता पर भ्रष्टाचार और कर चोरी के आरोपों की जांच के आदेश
CBDT ने आयकर महानिदेशक (जांच) लखनऊ को सौंपी जांच
अंबेडकर नगर, अचल वार्ता। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा के अध्यक्ष ओंकार गुप्ता पर लगे भ्रष्टाचार, अनुचित आचरण और कर चोरी के गंभीर आरोपों पर अब केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने संज्ञान लिया है। शिकायतकर्ता विनोद कुमार की ओर से दाखिल की गई कर चोरी याचिका (Tax Evasion Petition – TEP) पर कार्रवाई करते हुए, आयकर विभाग ने मामले की जांच महानिदेशक (जांच), आयकर लखनऊ को सौंप दी है।
शिकायत में कहा गया है कि मई 2023 से पद संभालने के बाद अध्यक्ष ओंकार गुप्ता ने नगर पंचायत क्षेत्र में ठेकेदारों और ब्लैकलिस्टेड कंपनी J.K. Infra के माध्यम से अनुचित लाभ अर्जित किए। बताया गया है कि अध्यक्ष ने निविदा प्रक्रिया के नियमों का उल्लंघन कर चुनिंदा ठेकेदारों और कंपनियों को लाभ पहुंचाया।
इन अनियमितताओं की जांच के लिए जिला प्रशासन द्वारा कई समितियाँ गठित की गईं। जिलाधिकारी अंबेडकर नगर की रिपोर्ट में यह दर्ज है कि अध्यक्ष द्वारा निविदा प्रक्रिया का उल्लंघन कर अवैध लाभ दिए गए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि अध्यक्ष ने भारी मात्रा में संपत्ति अर्जित की, जिनमें कुछ संपत्तियाँ अपने नाम से और कुछ अन्य भाइयों हरिओम गुप्ता, हरीश गुप्ता, रिश्तेदार विनोद गुप्ता एवं मित्र राजेश कुमार के नाम से खरीदी गई हैं।
एलआईयू रिपोर्ट में भी यह पाया गया कि अध्यक्ष के करीबी सहयोगी इन गतिविधियों में शामिल हैं। जबकि अपने चुनावी हलफनामे में ओंकार गुप्ता ने मात्र ₹6 लाख वार्षिक आय घोषित की थी, परंतु उनके पास करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्तियाँ पाई गईं। यह उनकी घोषित आय से स्पष्ट असंगत है, जिससे भ्रष्टाचार और कर चोरी से अर्जित संपत्ति होने की आशंका जताई गई है।
केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने शिकायत के साथ प्राप्त साक्ष्यों को देखते हुए इसे गंभीर मामला माना है और लखनऊ स्थित आयकर महानिदेशक (जांच) को विस्तृत जांच व आवश्यक कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं।
प्रशासनिक पक्ष..
जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि मामले से संबंधित जिलाधिकारी की रिपोर्ट पहले ही शासन को भेजी जा चुकी है। रिपोर्ट में निविदा प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन और आर्थिक अनियमितताओं का उल्लेख किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, CBDT के निर्देशों के बाद अब आयकर विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
अध्यक्ष ने कहा...
अध्यक्ष ओंकार गुप्ता से संपर्क किए जाने पर उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि “मैंने अपने कार्यकाल में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं की है। सारी निविदाएँ नियमानुसार हुई हैं। जिन संपत्तियों की बात कही जा रही है, वे पारिवारिक हिस्से की संपत्ति हैं, जिन्हें तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है।”
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
1