लखीमपुर खीरी: करोड़ों खर्च के बाद भी कुकरा में पेयजल संकट, जल जीवन मिशन पर उठे सवाल

May 15, 2026 - 18:12
May 15, 2026 - 18:30
 0  3
लखीमपुर खीरी: करोड़ों खर्च के बाद भी कुकरा में पेयजल संकट, जल जीवन मिशन पर उठे सवाल

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। बाँकेगंज ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कुकरा में सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना भ्रष्ट व्यवस्था और अधिकारियों की लापरवाही की भेंट चढ़ती दिखाई दे रही है। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई जल निगम की भव्य पानी टंकी और बिछाई गई पाइपलाइन आज निष्प्रयोज्य साबित हो रही हैं। हालात यह हैं कि कुकरा की हजारों की आबादी आज भी शुद्ध और शीतल पेयजल के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है।

प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों को दूषित पानी और जलजनित बीमारियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से घर-घर पेयजल आपूर्ति योजना शुरू की गई थी। कुकरा कस्बे में जल निगम ने भव्य टंकी निर्माण के साथ पाइपलाइन बिछाकर लोगों को कनेक्शन भी उपलब्ध कराए, लेकिन कुछ दिनों तक पानी आपूर्ति होने के बाद पूरी व्यवस्था ठप पड़ गई। आज करोड़ों की सरकारी संपत्ति सफेद हाथी बनकर खड़ी है और जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।

शुद्ध पानी की उपलब्धता न होने से क्षेत्र में डायरिया, खांसी, जुकाम, बुखार और दिमागी बुखार जैसी गंभीर एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दूषित पानी पीने को मजबूर जनता की सुध लेने वाला कोई नहीं है। जल निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं।

सबसे गंभीर स्थिति विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों की है। छात्रों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पलिया विधायक रोमी साहनी द्वारा विधायक निधि से कुकरा पुलिस चौकी गेट पर लगवाया गया आरओ प्लांट भी बंद पड़ा है। वहीं जिला पंचायत सदस्य अनुराधा उराव के प्रस्ताव पर लाखों रुपये खर्च कर बाजार क्षेत्र में स्थापित आरओ प्लांट भी शोपीस बन चुका है।

कुकरा की जनता अब सवाल उठा रही है कि जब करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी लोगों को शुद्ध पानी नसीब नहीं हो पा रहा, तो आखिर इन योजनाओं का लाभ किसे मिला? ग्रामीणों ने शासन से पूरे मामले की जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा तत्काल पेयजल व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

1.वर्जन- पलिया विधायक रोमी साहनी ने कहा कि कुकरा में करोड़ों की लागत से बनी जल निगम टंकी और आरओ प्लांट बंद पड़े हैं, जिससे जनता में आक्रोश है। उन्होंने बताया कि मामले से शासन को अवगत करा दिया गया है और जल्द शुद्ध पेयजल व्यवस्था बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

2.बयान- अरमान क्लाथ स्टोर के संचालक अरमान अंसारी का कहना है कि इलाकाई रहनुमा,व जनपद के आला हुक्मरान तथा सूबाई वजीर ए जल निगम के हुक्मरान क़स्बा कुकरा कि अवाम को शीतल एवंम शुद्ध पानी ना मिलने से हैं बेखबर,कस्बे में बनी टंकी व दोनोें आर ओ पर करोड़ो हुए हैं खर्च।

3.बयान-हंजला ग्रुप सेंटर के संचालक व बीडीसी बली मोहम्मद गाजी का कहना है कि जनपद खीरी के डीएम साहब लें संज्ञान,जल निगम के आला हुक्मरान बने हैं अंजान,क़स्बा की अवाम भीषण गर्मी में शुद्ध एवंम शीतल पेयजल से है महरूम,,4 वर्षों से बंद पड़ा पेयजल टैंक।

4.बयान- बैंक ऑफ बदौड़ा कुकरा के बीसी संचालक हामिद अंसारी का कहना है कि जल निगम द्वारा क़स्बा कुकरा में भव्य टंकी का निर्माण वर्षो पुर्व हुआ था चंद दिन में ही शोपीस बन कर रह गयी है, जिम्मेदार हैं बे खबर।

5.बयान-कुकरा के शौरभ मिश्रा का कहना है जल जीवन मिशन योजना के आला हुक्मरानों पर सूबा के वजीरे आला के फरमान हैं बे असर,मुख्य बाजार में जिला पंचायत द्वारा लगवाया गया आर ओ बना शोपीस,जिम्मेदार बने हैं अंजान।

6.बयान= कुकरा निवासी रिजवान अंसारी का कहना है कि जल जीवन मिशन योजना सिर्फ छलावा है,कस्बा कुकरा में जब से पेयजल टंकी का निर्माण हुआ है, उसके बाद 1 साल तक जो घरों में लगी हुई कनेक्शन पानी टंकियां को चेक करने के लिए ट्रायल के रूप में पानी मिला है,उसके बाद लगभग 4 साल हो चुके हैं अभी तक कस्बा कुकरा बासियो को पेयजल टंकी का पानी तक नसीब नहीं हुआ है,इसका जिम्मेदार कौन।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0