लखीमपुर खीरी: ईसानगर-हसनपुर कटौली मार्ग पर दर्दनाक हादसा, किशोर की मौत
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। ईसानगर-हसनपुर कटौली मार्ग पर बुधवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की टक्कर में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार बाइक शिवदत्त चला रहा था और बाइक पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
हादसे में शिवशंकर (16) पुत्र दिनेश, शिवदत्त (18) पुत्र बाबूराम, बालबीर (13) पुत्र स्वर्गीय रामगोपाल निवासी ईसानगर तथा अनतलब (12) पुत्र शकील निवासी शिवपुर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने शिवशंकर की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अन्य घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शिवदत्त के पिता बाबूराम ने बताया कि शिवशंकर देर शाम घर के बाहर खड़ी रिश्तेदार की बाइक बिना बताए लेकर निकल गया था। उसके साथ चचेरे भाई शिवदत्त समेत दो अन्य दोस्त भी थे। काफी देर तक जब चारों घर नहीं लौटे तो परिजन उनकी तलाश में जुट गए। इसी दौरान हादसे की सूचना मिलने पर परिवार में मातम छा गया। पुलिस फरार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0