लखीमपुर खीरी: सीडीओ अभिषेक कुमार ने लिलौटी नाथ मंदिर विकास कार्यों का लिया जायजा, सौंदर्यीकरण को मिलेगी रफ्तार

May 14, 2026 - 17:22
May 14, 2026 - 20:11
 0  8
लखीमपुर खीरी: सीडीओ अभिषेक कुमार ने लिलौटी नाथ मंदिर विकास कार्यों का लिया जायजा, सौंदर्यीकरण को मिलेगी रफ्तार

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। लिलौटी नाथ मंदिर अब विकास और सौंदर्यीकरण की नई राह पर बढ़ेगा। सीडीओ अभिषेक कुमार ने गुरुवार को लिलौटी नाथ मंदिर का निरीक्षण कर परिसर के समग्र कायाकल्प की दिशा में जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ आसपास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने मंदिर परिसर से लेकर आसपास के क्षेत्र तक व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।

  उन्होंने नदी की सफाई कर उसे स्वच्छ व अविरल बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या खत्म हो सके और आस्था का यह स्थल और अधिक आकर्षक बन सके। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सीडीओ ने बैठने की उचित व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय निर्माण तथा मार्गों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश बीडीओ फूलबेहड़ को दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर आने वाले हर श्रद्धालु को सुविधा और सुरक्षा दोनों का अनुभव मिलना चाहिए। सीडीओ अभिषेक कुमार ने महंत, पुरोहित एवं स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।

    इस दौरान यह तथ्य सामने आया कि मंदिर की कोई स्थायी समिति नहीं है और वर्तमान में अस्थायी व्यवस्था के तहत ही संचालन हो रहा है। पार्किंग स्थल पर पेयजल हेतु सरकारी नल की मांग भी रखी गई। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने साफ-सफाई व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एडीओ पंचायत को नियमित सफाई व झाड़ियों की छंटाई के निर्देश दिए।

  वहीं मंदिर तक जाने वाले संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में ढिलाई पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (सीडी-1) को कार्य में गति लाने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की सख्त हिदायत दी। निरीक्षण के समय पीडी एसएन चौरसिया, बीडीओ फूलबेहड़ सुमित कुमार सिंह, एडीओ पंचायत, सचिव ग्राम प्रधान लखविंदर सिंह मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0