महिला थाना की पहल से 5 टूटते परिवार फिर जुड़े, 15 मामलों में सुलह
- 15 मामलों में सुलह-समझौता कर दंपत्तियों को कराया गया एकजुट, मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता भी बढ़ी
लखीमपुर खीरी , अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला थाना खीरी द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए कई टूटते परिवारों को जोड़ने का कार्य किया गया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पी शुक्ला ने काउंसलर टीम के सहयोग से पारिवारिक विवादों से जुड़े मामलों में प्रभावी काउंसलिंग कराई।
इस दौरान कुल 15 मामलों में सुलह-समझौता कराने का प्रयास किया गया, जिसमें 5 पति-पत्नी के जोड़ों को आपसी सहमति से पुनः साथ भेजकर उनकी विदाई कराई गई। बताया गया कि कुछ मामलों में पति-पत्नी के बीच अधिक मतभेद होने के कारण उन्हें विचार के लिए समय दिया गया है, जबकि 2 मामलों में न्यायालय में लंबित प्रकरणों को लेकर पक्षकार सुलह के लिए सहमत हुए। वहीं 4 मामलों में सुलह संभव न होने पर संबंधित पीड़िताओं द्वारा विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने की बात कही गई है।
इस अवसर पर काउंसलर नीति गुप्ता, कय्यूम जरवानी एवं कुसुम गुप्ता सहित महिला थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। महिला आरक्षी सुमन लता, बबली पवार और सारिका सिंह चौहान सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति में पक्षकारों एवं उनके परिजनों को महिला हेल्पलाइन नंबर तथा कन्या सुमंगला योजना, सामूहिक विवाह योजना और निराश्रित पेंशन योजना जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक भी किया गया। महिला थाना की इस पहल से जहां कई परिवार टूटने से बच गए, वहीं समाज में सकारात्मक संदेश भी गया है कि संवाद और समझदारी से बड़े से बड़े विवाद का समाधान संभव है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0