कमरे में फांसी लगाकर महिला ने दी जान, गांव में मचा हड़कंप ।

Mar 14, 2026 - 16:58
Mar 14, 2026 - 18:06
 0  4
कमरे में फांसी लगाकर महिला ने दी जान, गांव में मचा हड़कंप ।

बिजुआ क्षेत्र के बैबहामुन्नू सिंह गांव की घटना, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिले थाना भीरा के बिजुआ क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैबहामुन्नू सिंह में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गांव निवासी महिपाल की पत्नी मोहिनी ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

   बताया जा रहा है कि घटना शाम करीब 7 बजे के आसपास की है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही भीरा पुलिस सक्रिय हो गई और बिजुआ चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय लखीमपुर खीरी भेज दिया।

  पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार 12 मार्च 2026 को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया, जहां परिजनों और ग्रामीणों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान भीरा कोतवाल रोहित दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे मामले की निगरानी करते हुए स्थिति को शांतिपूर्वक संभाला। पुलिस का कहना है कि मामले में हर पहलू की जांच की जा रही है।

 परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। गांव में अचानक हुई इस घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने का इंतजार करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0