देवरिया: डीएम ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा की, किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

देवरिया के डीएम मधुसूदन हुल्गी ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक में जल संरक्षण, चेक डैम, मत्स्य संपदा योजना, फार्मर आईडी और फसल बीमा के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

Jul 5, 2026 - 16:41
 0  0
देवरिया: डीएम ने कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा की, किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के दिए निर्देश

देवरिया, अचल वार्ता। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कृषि, भूमि संरक्षण, उद्यान एवं कृषि से जुड़े एलाइड विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों एवं प्रगति की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

 जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि एवं संबद्ध विभाग सीधे किसानों की आजीविका एवं आय से जुड़े हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने लक्ष्यों को आपसी तालमेल एवं जिम्मेदारी के साथ पूरा करें तथा किसानों को संचालित सभी योजनाओं से अधिकाधिक जोड़ने का प्रयास करें, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

  जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण विभाग को तालाबों के माध्यम से जल संरक्षण सुनिश्चित करने तथा आकांक्षात्मक विकास खंडों में इससे जुड़ी परियोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विकास खंड में एक चेक डैम बनाए जाने का निर्देश दिया। भूमि संरक्षण विभाग की संचालित गतिविधियों का लाभ किसानों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए।

 मत्स्य विभाग की संचालित योजनाओं की समीक्षा में जिलाधिकारी ने मत्स्य संपदा योजना के तहत मछुआरों को नाव एवं अनुमन्य उपकरण उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कार्य करने तथा इसके लिए अधिक से अधिक मांग प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए, ताकि जनपद में मत्स्य पालन एवं इससे जुड़े लोगों को लाभ मिल सके।

 जिलाधिकारी ने फार्मर आईडी एवं फैमिली आईडी का कार्य राजस्व, विकास एवं कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल बीमा योजना का लाभ पात्र किसानों तक अनिवार्य रूप से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए।

  जिलाधिकारी ने कृषि विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को संचालित योजनाओं से लाभान्वित किसानों की सफलता की कहानियां तैयार कर प्रसारित कराने के निर्देश दिए, ताकि अन्य किसान भी प्रेरित होकर उस दिशा में कार्य करें और अपनी आय बढ़ा सकें।

    मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सभी विभाग गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से जमीनी स्तर तक पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों से नवाचार आधारित कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने को कहा।

   बैठक में उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पांडेय, जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, मत्स्य अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0