अंबेडकर नगर: यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती: केंद्र व्यवस्थापक व स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नहीं ले जा सकेंगे कैमरा युक्त मोबाइल फोन
अम्बेडकरनगर,अचल वार्ता। जनपद अम्बेडकरनगर में 18 फरवरी से शुरू हो रही यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी परीक्षा केंद्र के अंदर कैमरा युक्त मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
अधिकारियों पर भी लागू होगा प्रतिबंध
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह आदेश केवल परीक्षार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं अन्य सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर समान रूप से लागू होगा। किसी भी परिस्थिति में कैमरा युक्त मोबाइल फोन परीक्षा कक्ष या केंद्र परिसर में नहीं ले जाया जाएगा।
उल्लंघन पर होगी कठोर कार्रवाई
डीआईओएस ने बताया कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इन निर्देशों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शासन और बोर्ड स्तर से यह निर्देश स्पष्ट रूप से जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षा की गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी
परीक्षा संचालन के दौरान आवश्यक समन्वय बनाए रखने के लिए वैकल्पिक संचार व्यवस्था की जाएगी, जिससे कार्य प्रभावित न हो। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को इन नियमों की जानकारी दें और उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराएं।
केवल कीपैड मोबाइल की अनुमति
निर्देशों के अनुसार केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारी केवल बिना कैमरे वाला कीपैड मोबाइल फोन ही अपने पास रख सकेंगे, ताकि किसी अपरिहार्य स्थिति में संपर्क किया जा सके।
नकलमुक्त परीक्षा की दिशा में बड़ा कदम
प्रशासन का मानना है कि इन सख्त निर्देशों से परीक्षा प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और नकलमुक्त बनेगी, जिससे विद्यार्थियों और अभिभावकों का विश्वास और मजबूत होगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0