अयोध्या : रुदौली के भाजपा विधायक बिजली घोटाले पर फायर, दूसरी बार भेजा सीएम योगी को पत्र

Aug 21, 2025 - 12:20
Aug 23, 2025 - 09:14
 0  253
अयोध्या : रुदौली के भाजपा विधायक बिजली घोटाले पर फायर, दूसरी बार भेजा सीएम योगी को पत्र
  • मुख्य अभियंता समेत अवर अभियंता पर लगाए गंभीर आरोप, इससे पहले भी दे चुके हैं शिकायत

अचल वार्ता,अयोध्या। भाजपा विधायक रामचंद्र यादव ने बिजली विभाग में घोटालों से आहत को सीएम योगी आदित्यनाथ को इसी माह 2 पत्र लिखकर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने अयोध्या के करीब 30 साल में जमे एक जेई और करोड़ों के घोटाले के आरोपी मुख्य अभियंता को अयोध्या परिक्षेत्र से हटाने और रकम की वसूली कराने की मांग की है।

  विधायक ने सीएम को लिखे पत्र में कहा है कि विवेक कुमार तिवारी निवासी मुसाफिरखाना, जिला-अमेठी के संलग्न प्रार्थनापत्र का ध्यान देने की कृपा करें। पत्र में कहा गया है कि अशोक कुमार चौरसिया, मुख्य अभियन्ता अयोध्या परिक्षेत्र के विरूद्ध पूर्व में कार्यरत उपखण्ड अधिकारी नानपारा, कैसरगंज, भिनगा के पद पर तैनाती रही। इस दौरान 01 करोड़ रूपए वित्तीय गबन का आरोप उन पर लगाया गया था। संस्थित जांच में बिना रिकवरी दोषमुक्त कर दिया गया है जबकि उनसे 01 करोड़ रूपए की वसूली नहीं की गयी। न ही कोई दाण्डिक अभियोग पंजीकृत कराया गया। ऐसी स्थिति में इनके द्वारा पुनः जांच संस्थित कर 01 करोड़ रूपए गबन की वसूली तथा दंड की कार्यवाही कराई जाय। तथा दौरान जांच जनपद अयोध्या से अन्य जनपद / कम महत्वपूर्ण पद पर स्थानांतरित किया जाय। विधायक ने सीएम से आग्रह किया है प्रपत्रों के प्रकाश में आख्या के आधार पर अन्य विधिक कार्यवाही कराई जाए।

जेई नरेश जायसवाल के दशकों से अयोध्या में जमे होने और करोड़ों की संपत्ति पर कार्यवाही की मांग 

विधायक रामचंद्र यादव ने सीएम को भेजे गए एक अन्य पत्र में लिखा है कि नरेश जायसवाल, वर्ष 2003 से फैजाबाद नगर मे ही विभिन्न स्थानों (सिविल लाइन लालबाग नाका तथा राम की पैडी) पर जेई के पद पर विद्युत विभाग में कार्यरत हैं। इनके द्वारा बिजनेस प्लान वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-2024, 2024-25 में स्टोर से कितनी सामग्री निर्गत हुई व इन्होंने कितनी सामग्री का प्रयोग किया। इसकी जॉच किसी अन्य बाहर की एजेन्सी से कराया जाना अत्यन्त आवश्यक है। इनके पैतृक गाँव नवीगंज सोहावल, जनपद अयोध्या में 11 केबी की लाइन किस मद से बनी है। पत्र में लिखा गया है कि इनके द्वारा प्रापर्टी डीलर का कार्य किया जा रहा है इन्होंने निराला नगर अयोध्या में 2 डबल स्टोरी मकान बनाया है और तैनाती स्थल बिजली घर चौक के बगल में कामार्शियल भवन भी इनके द्वारा बनाया गया है।विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि यदि कार्रवाई नहीं होती तो शीघ्र व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री से भेंट करेगे। मुख्य अभियंता वितरण अशोक कुमार चौरसिया ने बताया कि ऐसी किसी शिकायत की जानकारी नहीं है। आरोप निराधार हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0