प्रवीण कुमार ने किया परिवार और जिले का नाम रोशन, बने खंड विकास अधिकारी
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता । जिले के थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम देवीपुरवा निवासी प्रवीण कुमार पुत्र रामनाथ, आज मेहनत और संघर्ष की मिसाल बन चुके हैं, बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले प्रवीण की सफलता के पीछे वर्षों की कठिन तपस्या और पूरे परिवार का त्याग छिपा है। प्रवीण के पिता रामनाथ एक प्राइवेट स्कूल में मामूली वेतन पर नौकरी करते थे, जिससे किसी तरह घर का खर्च चल पाता था। परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर थी, लेकिन इसके बावजूद माता सुनीता देवी और पूरे परिवार ने मिलकर बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।
प्रवीण ने अपनी शुरुआती शिक्षा उसी स्कूल से प्राप्त की, जहां उनके पिता नौकरी करते थे। कक्षा 8 से 12 तक उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई जारी रखी। इस दौरान कई बार उन्हें आर्थिक तंगी और सामाजिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनका हौसला कभी नहीं टूटा। घर में छोटे भाई दीपक कुमार, जो वर्तमान में दिल्ली में रहकर एक एकेडमी में पढ़ाई कर रहे हैं, अक्सर अपने पिता को स्कूल में काम करते देखकर भावुक हो जाते थे ।
कभी-कभी उन्हें अपने दोस्तों के सामने झिझक भी महसूस होती थी, लेकिन कुछ साथियों ने उनका हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। प्रवीण ने संघर्षों और प्रेरणाओं के बीच रहकर देहरादून जाकर NDA की तैयारी शुरू की और कड़ी मेहनत के दम पर एयर फोर्स में नौकरी हासिल कर ली। इस नौकरी में रहते हुए यूपीपीसीएस की तैयारी करते रहे और अपनी मेहनत से ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (BDO) के पद पर चयनित हुए। साथ ही परिवार और अपने जनपद का नाम रोशन किया।
आज प्रवीण कुमार की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। प्रवीण की यह कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो अभावों के बीच अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0