अयोध्या: ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर थाना खंडासा में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

May 12, 2026 - 20:14
May 15, 2026 - 20:56
 0  8
अयोध्या: ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर थाना खंडासा में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

मिल्कीपुर,अयोध्या, अचल वार्ता। ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर थाना खंडासा परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान थाना प्रभारी सहित थाने की पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों तथा विभिन्न समुदायों के संभ्रांत लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

 उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा लगातार गश्त की जाएगी।

 थाना प्रभारी ने बताया कि थाना क्षेत्र में कुल 11 ईदगाह एवं 6 मस्जिदें हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया तथा क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान अमजद अली, अकबर खान, मोहम्मद तौफीक, मुस्ताक अहमद, राजित राम, मोहम्मद नईम, मुबारक अली, राम कमल, रामगोपाल सिंह, वैभव सिंह रज्जन दूबे सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0