अम्बेडकर नगर : 40 और होम्योपैथ व आयुर्वेद चिकित्सकों को नोटिस
अंबेडकरनगर में बिना पंजीकरण चल रहे आयुर्वेद व होम्योपैथ क्लीनिकों पर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई, 100 से अधिक चिकित्सकों को नोटिस जारी।
बिना पंजीकरण चल रहे आयुर्वेद व होम्योपैथ क्लीनिकों पर कार्रवाई, 100 से अधिक को नोटिस
अंबेडकरनगर, अचल वार्ता। जिले में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे आयुर्वेद और होम्योपैथ क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में 100 से अधिक आयुर्वेद व होम्योपैथ क्लीनिक संचालित होने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इनमें से अधिकांश का पंजीकरण न के बराबर पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को 60 चिकित्सकों को नोटिस जारी किया गया था, जबकि शनिवार को 40 अन्य चिकित्सकों को भी नोटिस थमाया गया। इसके अलावा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित चश्मा दुकानों के 13 संचालकों को भी नोटिस देने की तैयारी की जा रही है।
सीएमओ ने दिए सख्त निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार शैवाल ने बताया कि क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत लाइसेंस और पंजीकरण कराए बिना किसी भी प्रकार की चिकित्सा गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ आगे और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने सभी चिकित्सा अधीक्षकों को पत्र लिखकर निर्देशित किया है कि अपने-अपने क्षेत्र में संचालित क्लीनिकों, अस्पतालों और मेडिकल प्रतिष्ठानों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
20 अस्पताल संचालकों को भी नोटिस
इसके साथ ही फायर एनओसी और बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट की एनओसी न होने पर जिले के 20 अस्पताल संचालकों को भी नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़े मानकों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले भर के निजी चिकित्सकों और अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0