लखीमपुर खीरी : MY भारत अभियान को मिलेगी रफ्तार, युवाओं को जोड़ने की तैयारी

Jul 27, 2026 - 19:40
 0  0
लखीमपुर खीरी : MY भारत अभियान को मिलेगी रफ्तार, युवाओं को जोड़ने की तैयारी

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए जिला प्रशासन ने MY भारत अभियान को गति देने की तैयारी शुरू कर दी है। कलेक्ट्रेट स्थित अटल सभागार में सोमवार को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक डीएम अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने, वार्षिक कार्ययोजना बनाने और विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्यक्रमों के संचालन पर मंथन हुआ।

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को सही मंच, सही अवसर और सकारात्मक दिशा उपलब्ध कराकर उन्हें समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदार बनाया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेरा युवा भारत पोर्टल पर अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराया जाए और इसके उद्देश्य व लाभों की जानकारी गांव-गांव, स्कूल-कॉलेजों युवा संगठनों तक पहुंचाई जाए।

उन्होंने कहा कि MY भारत केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा, नेतृत्व, कौशल विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और युवा समूहों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले प्रत्येक युवा कार्यक्रम को संबंधित विभागों के सहयोग और बेहतर समन्वय के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने युवाओं की सहभागिता बढ़ाने के लिए नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। बैठक का संचालन करते हुए जिला युवा अधिकारी, माय भारत संकल्प शुक्ला ने बैठक की आवश्यकता और प्रासंगिकता बताई।

बैठक में MY भारत की आगामी कार्ययोजना, युवाओं को जोड़ने की रणनीति, स्वयंसेवी गतिविधियों को प्रोत्साहन देने और विभिन्न विभागों की सहभागिता पर अधिकारियों ने विचार रखे। इस अवसर पर सीडीओ अभिषेक कुमार, सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता, डीपीआरओ विशाल सिंह, डीआईओएस विनोद कुमार मिश्र, लेखाधिकारी, (माय भारत) पारुल सहित विभिन्न विभागों के जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0