मणिपुर को मिला नया मुख्यमंत्री: युमनाम खेमचंद सिंह होंगे 13वें सीएम, कुकी समुदाय को साधने की तैयारी
Manipur CM News: भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के 13वें मुख्यमंत्री चुने गए। राष्ट्रपति शासन खत्म होने से पहले सरकार गठन की तैयारी, कुकी विधायक को डिप्टी CM बनाने पर विचार।
नई दिल्ली | अचल वार्ता
मणिपुर की राजनीति में बड़ा बदलाव सामने आया है। भाजपा नेता युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर का 13वां मुख्यमंत्री चुना गया है। मंगलवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुना गया। अब जल्द ही राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, कुकी समुदाय को संतुलित करने के लिए डिप्टी मुख्यमंत्री का पद कुकी समुदाय के किसी विधायक को दिए जाने पर विचार चल रहा है। राज्य में कुकी समुदाय के 10 विधायक हैं, जिनमें से एक को यह जिम्मेदारी मिल सकती है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में मौजूद रहे केंद्रीय नेता
मणिपुर में नए नेतृत्व के चयन के लिए नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुग और संबित पात्रा विधायक दल की बैठक में मौजूद रहे।
इसके अलावा मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह भी इस अहम बैठक में शामिल हुए।
दिल्ली पहुंचे थे NDA के करीब 20 विधायक
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, मणिपुर से एनडीए के लगभग 20 विधायक रविवार रात दिल्ली पहुंचे थे, जबकि अन्य विधायक सोमवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राजधानी पहुंचे। इन बैठकों के बाद ही नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनी।
राष्ट्रपति शासन का हो रहा अंत
गौरतलब है कि 9 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया था
इसके चार दिन बाद, 13 फरवरी 2025 से मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया
अब 12 फरवरी 2026 को राष्ट्रपति शासन समाप्त हो रहा है, जिसके साथ ही राज्य में फिर से निर्वाचित सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है
राजनीतिक स्थिरता की ओर मणिपुर
लगभग एक साल तक राष्ट्रपति शासन में रहने के बाद युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में नई सरकार से राज्य में राजनीतिक स्थिरता और सामाजिक संतुलन की उम्मीद की जा रही है। खासतौर पर जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधना नई सरकार की सबसे बड़ी चुनौती होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0