लखीमपुर खीरी : हिरासत में युवक की मौत मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू
लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर थाना शारदानगर क्षेत्र के ग्राम मूलचन्द्रपुरवा निवासी शिवकुमार की इलाज के दौरान हुई मृत्यु के मामले में मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी सदर को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 26 जुलाई 2026 को शिवकुमार को चालान के उपरांत बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत उपजिलाधिकारी सदर के समक्ष प्रस्तुत किए जाने के लिए पुलिस कर्मी व पीआरडी जवान लेकर जा रहे थे। इससे पूर्व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पतरासी में उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया था। बताया गया कि खम्भारखेड़ा चीनी मिल के पास रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें जिला चिकित्सालय ओयल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी सदर ने समस्त संबंधित व्यक्तियों से अपील की है कि वे 7 अगस्त से 14 अगस्त 2026 के बीच किसी भी कार्यदिवस में दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट स्थित उनके कार्यालय में उपस्थित होकर अपने साक्ष्य एवं अभिकथन प्रस्तुत कर सकते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0