लखीमपुर खीरी : गोकर्ण कॉरिडोर में अवर अभियंता पर हमला, अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज
गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी,अचल वार्ता। कॉरिडोर निर्माण कार्य में तैनात अवर अभियंता पर हमले के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार घटना 13/14 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात लगभग 11 बजे से 12 बजे के बीच हुई। पुलिस ने एक दर्जन से अधिक अज्ञात हमलावरों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया है।
अवर अभियंता पर हमला
पीड़ित नितिन कुमार सिंह, पुत्र अनिल सिंह, निवासी साकेत पुरी, आलमबाग, लखनऊ, गोकर्ण कॉरिडोर परियोजना में अवर अभियंता पद पर तैनात हैं। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर वे निर्माण स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। निरीक्षण के बाद मिल डाइवर्जन रोड पर पैचिंग कार्य का जायजा लेने पैदल बढ़े।
हमलावरों की हिंसक वारदात
अंबेडकर तिराहे के पास पहले से घात लगाए बैठे एक दर्जन से अधिक अज्ञात व्यक्तियों ने उनका पीछा कर हमला कर दिया। हमलावरों ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा। प्राथमिकी में उल्लेख है कि किसी हमलावर ने नुकीली वस्तु से वार किया, जिससे नितिन के चेहरे और गाल पर खरोंच, सूजन और दर्द हुआ।
पुलिस जांच और कार्रवाई
घटना के बाद से पीड़ित और उनके अधीनस्थ कर्मचारी दहशत में बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज किया। विवेचना उपनिरीक्षक राकेश राय को सौंपी गई है। पुलिस साक्ष्य संकलन और आरोपियों की पहचान के प्रयास में लगी हुई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0