पीलीभीत : पूरनपुर–कलीनगर में सरकारी जमीन पर कब्जा कर धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग

Dec 19, 2025 - 11:31
Jan 18, 2026 - 10:51
 0  0
पीलीभीत : पूरनपुर–कलीनगर में सरकारी जमीन पर कब्जा कर धड़ल्ले से अवैध प्लाटिंग

पूरनपुर, पीलीभीत, अचल वार्ता। कलीनगर और पूरनपुर क्षेत्र में इन दिनों सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग का खेल खुलेआम चल रहा है। सामाजिक वानिकी के अंतर्गत सड़क किनारे खड़े पेड़ों को नुकसान पहुंचाते हुए जमीन का पटान किया जा रहा है, जिससे कई पेड़ लगभग चार फीट तक दब गए हैं। इससे न सिर्फ पर्यावरण को भारी क्षति हो रही है, बल्कि पेड़ों के अस्तित्व पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है।

पूरनपुर–कलीनगर मार्ग पर गुरुद्वारे के आसपास दो स्थानों पर अवैध रूप से प्लाटिंग किए जाने की शिकायत सामने आई है। यहां न तो कोई मानक अपनाया जा रहा है और न ही नक्शा पास कराया गया है। जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत से धंधेबाज बेखौफ होकर अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व को भी भारी नुकसान हो रहा है। इन गंभीर मुद्दों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने जिलाधिकारी को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने अवैध प्लाटिंग, अवैध खनन, धान खरीद में धांधली और क्षेत्र में लगने वाले जाम जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

भाकियू (भानु) ने क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि तेज रफ्तार डंपरों के संचालन से हर समय जन-धन हानि की आशंका बनी रहती है। संगठन ने खनन माफिया के साथ-साथ लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की है।

  ज्ञापन में कई धान खरीद केंद्रों और एजेंसियों पर तौल में गड़बड़ी, किसानों के शोषण और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन ने दोषी प्रबंधकों व कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई और खरीद प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लागू करने की मांग की है। इसके अलाव स्टेशन रोड, तहसील परिसर समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर लगने वाले जाम से किसानों और आम नागरिकों को हो रही भारी परेशानी का भी ज्ञापन में उल्लेख किया गया है। इसके स्थायी समाधान के लिए प्रशासन से ठोस योजना तैयार करने की अपील की गई है। 

 भाकियू (भानु) ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0