हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने मचाई भीषण आग, लखीमपुर खीरी में 81 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

Apr 9, 2026 - 10:30
Apr 9, 2026 - 11:13
 0  5
हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने मचाई भीषण आग, लखीमपुर खीरी में 81 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

लखीमपुर खीरी, अचल वार्ता। तहसील गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र के गांव रसूलपुर में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हाईटेंशन बिजली लाइन से निकली चिंगारी ने खेतों में भीषण आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पकी खड़ी गेहूं की फसल तेज लपटों के साथ जलने लगी। फसल जलती देख गांव में हाहाकार मच गया और किसान आग बुझाने के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से पानी भरकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती रही। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक करीब 81 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो चुकी थी। इस अग्निकांड में कई किसानों को भारी नुकसान हुआ। ढाका निवासी मुस्ताक खां की 6 बीघा, रसूलपुर निवासी छब्बन खां की 9 बीघा, नयाब खां की 15 बीघा, मुफीदुल खां की 7 बीघा, कलीम खां की 7 बीघा, अब्दुल लतीफ की 7 बीघा, जमाल खां की 6 बीघा, नसीब खां की 19 बीघा और खान बहादुर की 6 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। इसके अलावा अब्दुल हसन खां के खेत में बीज के लिए खड़ा 2 बीघा गन्ना भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। ग्रामीणों के अनुसार, आग बुझाने के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची, जिससे नाराजगी भी देखने को मिली। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उनके हुए भारी नुकसान की भरपाई हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0