हरिद्वार : अन्तर्राज्यीय बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो महिलाओं समेत छह दबोचे, दो बच्चे बरामद
हरिद्वार : अचल वार्ता। 06 जून को झुग्गी झोपडी बैरागी कैम्प निवासी विनोद सोलंकी ने कोतवाली कनखल पर सूचना दी कि उसकी 3 वर्षीय नाबालिग बच्ची राधिका को कोई अज्ञात व्यक्ति उठाकर ले गया है। शिकायत पर तुरंत मु0अ0स0 196/26 धारा 137(2) भादवि पंजीकृत किया गया।
बच्चे से जुड़े इस मामले में पीड़ित पिता द्वारा लगाए गए आरोपों को संजीदगी से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह द्वारा पुलिस टीमों का गठन किया गया तथा बच्ची की जल्द और सकुशल बरामदगी की जिम्मेदारी देते हुए ये भी निर्देश दिये कि प्रकरण में हर घंटे की प्रगति के बारे में उन्हें अपडेट दिया जाये।
पीड़ित परिवार की माली हालत देखते हुए इतना तो साफ था कि ये अपहरण का मकसद फिरौती मांगना तो नहीं है। इसलिए पुलिस ने अपना फोकस परिवार की किसी नई या पुरानी दुश्मनी या बच्चा चोरी गिरोह की संलिप्तता के एंगल की ओर रखा।
डिजिटल और मैनुअल पुलिसिंग का संतुलन बनाते हुए पुलिस टीम ने हर वो रास्ता आजमाया जिससे कि बच्ची तक पहुंचा जा सके। इस दौरान मानसिक थकान से भरे डंप डाटा विश्लेषण, सैकडों कैमरा फुटेज का अवलोकन और मुखबिर तंत्र को एक्टिव करना महत्वपूर्ण रहा क्योंकि हर बीतता लम्हा बच्ची के लिए आफ़त का सबब बन रहा था। जुटाए गए डेटा के आधार पर सामने आए चेहरे की तलाश के लिए पुलिस द्वारा सोशल मीडिया का भी सहारा लिया गया।
लगातार की जा रही मेहनत के दम पर जब कड़ी से कड़ी जुड़ी तो नतीजा ये निकला कि पुलिस ने गिरोह के कुल 06 सदस्य जिसमें 02 महिलाएं भी शामिल हैं, पुलिस की गिरफ्त में आ गए। उत्तराखण्ड व उत्तर प्रदेश में हरिद्वार पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी और गिरफ्तारी से सदमे में आए बच्चा चोर गिरोह के अन्य सदस्य अपनी जान बचाने के लिए अपहृत बच्ची को दिल्ली के आनन्द बिहार रेलवे स्टेशन पर लावारिस हालत में ही छोड़कर फरार हो गये। बच्ची को आरपीएफ की सूचना पर हरिद्वार से दिल्ली पहुंची पुलिस टीम ने सकुशल रिकवर किया।
मानवाधिकार का ध्यान रख सलीक़े से पूछताछ करने पर सामने आया कि इस गिरोह ने एक और बच्चा बीती 24 मई को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चोरी किया था जिसका सौदा डेढ़ लाख में तय कर उसे बदायूं उप्र में बेच दिया गया था। जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने उक्त करीब एक-डेढ़ साल के बच्चे कार्तिक को भी सकुशल बरामद किया। दिल्ली पुलिस को अग्रिम कार्यवाही हेतु सूचित किया गया है।
पूछताछ में ये भी प्रकाश में आया कि पकड़ा गया आकिल और प्रीती रेट तय कर बच्चे को अपना या अनाथ बताकर बेचते हैं। चोर गिरोह के सदस्यों अमरोहा उप्र निवासी मोहम्मद आकिल पुत्र अनिश अहमद, नसीमा पत्नी मौहम्मद आकिल, जुल्फेकार पुत्र स्व0 जमील अहमद, मुज्जफरपुर निवासी प्रीती शर्मा पत्नी धर्मेन्द्र, धर्मेन्द्र कुमार पुत्र स्व0 होशराम व ज्वालापुर हरिद्वार निवासी शिवा सिंह उर्फ गौरब पुत्र स्व0 राजेन्द्र प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0